संभल में अवैध कब्जों पर बुलडोजर एक्शन, ईदगाह, मस्जिद, मीनारें और मकान ध्वस्त,10.5 बीघा जमीन कब्जामुक्त

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.5 बीघा से अधिक सरकारी और कब्रिस्तान की जमीन को कब्जामुक्त करा लिया। इस दौरान कथित रूप से अवैध रूप से निर्मित ईदगाह, मस्जिद, 30-30 फीट ऊंची दो मीनारें और दो मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की यह कार्रवाई करीब छह घंटे तक चली। यह कार्रवाई संभल के मढ़न गांव में की गई। प्रशासन के अनुसार, करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी और कब्रिस्तान की जमीन पर कई वर्षों से अवैध कब्जा किया गया था। आरोप है कि पिछले तीन से चार वर्षों के दौरान इस भूमि पर अवैध प्लॉटिंग भी की जा रही थी। प्रशासन ने बताया कि मामला अदालत पहुंचने के बाद अप्रैल में अवैध निर्माण हटाने के आदेश जारी किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में राजस्व और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध निर्माणों को हटाया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के करीब 100 जवानों को भी तैनात किया गया था। अवैध कब्जों की पैमाइश और सीमांकन का कार्य दो नायब तहसीलदारों और आठ लेखपालों की टीम ने किया। माप-जोख पूरी होने के बाद चिन्हित सभी अवैध निर्माणों को बुलडोजर से हटाया गया।
अवैध कब्जों पर कार्रवाई जारी रहेगी
प्रशासन का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण तेजी से बढ़े थे। कुछ हिस्सों में जमीन को व्यावसायिक उपयोग के लिए विकसित करने की भी कोशिश की जा रही थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







