झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक का निधन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार, समर्थकों तथा शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
हेमंत सोरेन ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने विशेष रूप से धनबाद समेत पूरे झारखंड की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। यह क्षति अपूरणीय है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार सुबह उन्होंने रांची के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।







