Main Slideराष्ट्रीय

जग्गू भगवानपुरिया गैंग पर FBI का बड़ा शिकंजा, नीतीश कौशल ‘मोस्ट वॉन्टेड’ घोषित

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े कथित गैंगस्टर नीतीश कौशल को अपनी ‘मोस्ट वॉन्टेड’ सूची में शामिल कर लिया है। एजेंसी का आरोप है कि नीतीश कौशल अमेरिका में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट का अहम सदस्य है और कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

FBI के मुताबिक, नीतीश कौशल पर हत्या, अपहरण, ड्रग तस्करी, रंगदारी, अवैध हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे संगीन अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि जग्गू भगवानपुरिया गैंग की जड़ें पंजाब से जुड़ी हैं, लेकिन समय के साथ इसका नेटवर्क अमेरिका के कैलिफोर्निया सहित कई देशों तक फैल गया।

अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने 25 जून 2026 को नीतीश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उसके विरुद्ध Racketeer Influenced and Corrupt Organizations (RICO) Conspiracy के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने गैंग के लिए अपहरण, हमले और अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम देने में भूमिका निभाई।

FBI ने अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट के खिलाफ अपने अभियान ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 50 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामान, अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए गए। एजेंसी का कहना है कि इस अभियान के जरिए जग्गू भगवानपुरिया गैंग, लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क और गोल्डी बराड़ से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले अमेरिकी ग्रैंड ज्यूरी भी जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े उस कथित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का खुलासा कर चुकी है, जो अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको और भारत तक फैला बताया गया है। चार्जशीट में गैंग पर ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों के कारोबार, रंगदारी और हत्या की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अमेरिकी एजेंसियों का दावा है कि इस नेटवर्क के ड्रग सप्लाई रूट और आर्थिक तंत्र की भी पहचान कर ली गई है, जिस पर लगातार कार्रवाई जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close