नोएडा : मामूरा की पांच मंजिला इमारत में आग से हड़कंप, दो की मौत, सीएम योगी ने मांगी रिपोर्ट

नोएडा के मामूरा गांव स्थित एक पांच मंजिला पीजी (पेइंग गेस्ट) भवन में मंगलवार दोपहर भीषण आग लगने से एक युवक और एक युवती की दम घुटने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह घटना थाना फेज-3 क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में दोपहर करीब 1 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग वहां खड़े अन्य पेट्रोल वाहनों तक फैल गई, जिससे पूरे भवन में धुआं और लपटें फैल गईं।
एक ही रास्ता होने से बढ़ी मुश्किल
बताया जा रहा है कि पांच मंजिला इमारत में 50 से अधिक कमरे थे, जिनमें करीब 50 परिवार रह रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, भवन में पर्याप्त वेंटिलेशन और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था नहीं थी। आने-जाने के लिए केवल एक ही सीढ़ी थी और आग उसी हिस्से में लगी, जिससे लोगों का बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया।
छतों के रास्ते किया गया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने आसपास की इमारतों की छतों से सीढ़ियां लगाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कड़ी मशक्कत के बाद करीब 50 परिवारों को रेस्क्यू कर लिया गया, लेकिन एक युवक और एक युवती समय रहते बाहर नहीं निकल सके और धुएं के कारण उनकी मौत हो गई।
बिल्डिंग मालिक हिरासत में, जांच शुरू
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। मामले में बिल्डिंग मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में भवन में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।







