यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के लखनऊ चरण का समापन, बेल बजाकर चेयरमैन डॉ. चंद्रसेन वर्मा ने किया मैच का शुभारंभ

उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग, यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के पहले चरण का आज लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में समापन हुआ। इस सीजन में ‘आज की खबर’ न्यूज़ चैनल लीग के ऑफिशियल स्पॉन्सर की भूमिका में है। लीग के पहले चरण के आखिरी दिन के मुख्य अतिथि के रूप में ‘आज की खबर’ चैनल के चेयरमैन डॉ. चंद्रसेन वर्मा इकाना स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने इकाना स्टेडियम की परंपरा के अनुसार बेल बजाकर आज के अंतिम मुकाबले की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में डॉ. चंद्रसेन वर्मा ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि हमारे यूपी के युवाओं को यूपी टी-20 लीग जैसा एक बेहतर और बड़ा मंच मिल रहा है। इस लीग से प्रदेश की छिपी हुई प्रतिभाएं निखर कर सामने आएंगी और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी का नाम रोशन करेंगी। ‘आज की खबर’ परिवार हमेशा से प्रदेश की प्रतिभाओं के साथ खड़ा रहा है और आगे भी खड़ा रहेगा।”
उन्होंने यूपीसीए और लीग के आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी। गौरतलब है कि यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का आयोजन दो चरणों में किया जा रहा है। पहला चरण 14 अगस्त से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित हुआ।
अब इसका दूसरा और निर्णायक चरण 29 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसका फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को होगा। इस मौके पर यूपीसीए के पदाधिकारी, विभिन्न टीमों के खिलाड़ी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।











