यूपी में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- सभी जिला अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश

लखनऊ। स्वाइन फ्लू और वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर कर दिया है। डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। छोटे अस्पतालों को भी मरीजों की जांच और उपचार को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचने वाले हर मरीज को गंभीरता से लिया जाए। जरूरत के अनुसार मरीजों की खून की जांच और पैथोलॉजिकल टेस्ट कराए जाएं और रिपोर्ट के आधार पर उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है।
नोएडा के स्कूलों में भी बढ़ी सतर्कता
दिल्ली से सटे नोएडा में भी मौसमी बीमारियों और स्वाइन फ्लू-डेंगू को लेकर कई स्कूलों ने एहतियाती कदम उठाए हैं। स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को एडवाइजरी जारी कर बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई है। स्कूलों ने अभिभावकों से कहा है कि अगर बच्चों में सर्दी, खांसी, बुखार या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो उन्हें ठीक होने तक स्कूल न भेजें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेने और बच्चों को पर्याप्त आराम देने की भी अपील की गई है। स्कूल प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल नियमित उपस्थिति बनाए रखने के लिए बीमारी की हालत में बच्चों को स्कूल न भेजें, ताकि संक्रमण दूसरे छात्रों तक फैलने से रोका जा सके।
दिल्ली में H1N1 के 1,777 से ज्यादा मामले
दिल्ली में भी स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने, नियमित रूप से हाथ धोने और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों के संपर्क से बचने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल दिल्ली में H1N1 के 1,777 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं, राजधानी में इन्फ्लूएंजा-A के 2,300 से अधिक मामले भी दर्ज किए गए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने निगरानी और तैयारियां तेज कर दी हैं।
युवाओं के रोजगार पर भी बोले ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार युवाओं के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं को उनकी योग्यता, कौशल और क्षमता के आधार पर 9 लाख से अधिक सरकारी सेवाओं में अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ODOP (एक जिला, एक उत्पाद), स्वरोजगार और कौशल विकास जैसी योजनाओं के जरिए भी युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का लगातार प्रयास कर रही है।







