Main Slideखेल

इंग्लैंड में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड इंग्लिश गेंदबाजों की बढ़ा सकता है चिंता, 27 मैच में ठोके 7 शतक

भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का आगाज 14 जुलाई से एजबेस्टन में होने जा रहा है। इस सीरीज में एक बार फिर सभी की नजरें कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों पर रहेंगी। हालांकि, इंग्लैंड की धरती पर रोहित शर्मा के शानदार रिकॉर्ड को देखते हुए मेजबान टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती भारतीय कप्तान साबित हो सकते हैं। भारतीय टीम के पास शुभमन गिल, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन इंग्लैंड में रोहित शर्मा का प्रदर्शन उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है।

इंग्लैंड में रोहित का दमदार रिकॉर्ड

रोहित शर्मा का बल्ला इंग्लैंड के मैदानों पर हमेशा से खूब चला है। भारत के बाद इंग्लैंड वह देश है जहां उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्रभाव छोड़ा है। अपने वनडे करियर में रोहित शर्मा ने करीब 49 की औसत से 11,720 रन बनाए हैं, लेकिन इंग्लैंड में उनके आंकड़े और भी शानदार हैं। उन्होंने वहां 27 वनडे मुकाबलों में 65 की औसत से 1,428 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं। इन आंकड़ों को देखते हुए कहा जा सकता है कि इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए रोहित शर्मा सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।

2026 में अब तक फीका रहा प्रदर्शन

हालांकि, साल 2026 में रोहित शर्मा का प्रदर्शन उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। इस साल उन्हें अब तक सिर्फ 6 वनडे मुकाबले खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने 34 की औसत से 204 रन बनाए हैं। इन छह पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है, जो उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में लगाया था। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 100 का रहा है।

2027 वर्ल्ड कप पर है पूरा फोकस

रोहित शर्मा अब केवल वनडे और आईपीएल क्रिकेट में ही सक्रिय हैं। वह टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। 2024 टी20 विश्व कप जीतने के बाद उन्होंने टी20 क्रिकेट को अलविदा कहा था, जबकि पिछले साल उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था। अब उनका पूरा ध्यान 2027 वनडे विश्व कप पर है। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज उनके लिए फॉर्म और फिटनेस के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इंग्लैंड की धरती पर शानदार रिकॉर्ड रखने वाले रोहित शर्मा इस सीरीज में अपने बल्ले से कैसा प्रदर्शन करते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close