महोबा में युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, दोनों हाथ लगभग कटे, बीजेपी नेता समेत कई लोगों पर आरोप

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक युवक पर हुए बर्बर हमले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। कानपुर-सागर नेशनल हाईवे स्थित एक पेट्रोल पंप के बाहर 28 वर्षीय युवक पर कथित तौर पर कुल्हाड़ियों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमले में उसके दोनों हाथ लगभग कलाई से अलग हो गए, जबकि सिर और पैरों पर भी कई गहरे वार किए गए।
घटना मंगलवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के समदनगर स्थित चंदेल पेट्रोल पंप के सामने हुई। घायल युवक की पहचान जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही विक्की पेट्रोल पंप पर पहुंचा, उसे चारों ओर से घेर लिया गया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और घायल युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़ा रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के दौरान घायल की मां जब मौके पर पहुंचीं और बेटे के कटे हुए हाथों को कपड़े से बांधने की कोशिश की, तो वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
पीड़ित के पिता राजाबाबू सिंह और भाई आलोक सिंह ने इस हमले के पीछे भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला मीडिया प्रभारी बताए जा रहे शिवप्रताप सिंह परमार और उनके साथियों पर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि विक्की पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने गया था, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उस पर जानलेवा हमला किया।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल के बयान और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







