PM मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, बोले- यह 140 करोड़ भारतीयों और दोनों देशों की दोस्ती का सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया (Bintang Adipurna of the Republic of Indonesia)’ से सम्मानित किया है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने जकार्ता में आयोजित समारोह में यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति प्रबोवो और इंडोनेशिया की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों, भारत-इंडोनेशिया की ऐतिहासिक मित्रता और दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का सम्मान है।प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष भारत के गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति प्रबोवो मुख्य अतिथि के रूप में भारत आए थे और अब उनके निमंत्रण पर इंडोनेशिया की यात्रा करना उनके लिए बेहद खुशी की बात है।
रक्षा और समुद्री सहयोग होगा मजबूत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया की रणनीतिक साझेदारी अब एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। दोनों देशों ने रक्षा सहयोग, आपदा प्रबंधन, औद्योगिक साझेदारी और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने पर सहमति जताई है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के कोस्ट गार्ड हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा ब्लू इकोनॉमी, बंदरगाह विकास और समुद्री व्यापार को बढ़ावा देने के लिए भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।
स्वास्थ्य और जनकल्याण पर भी बढ़ेगा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीबी उन्मूलन और जनकल्याण दोनों देशों की साझा प्राथमिकता है। भारत ने अपनी मिड-डे मील योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े अनुभव इंडोनेशिया के साथ साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए नए समझौतों से इंडोनेशिया के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती भारतीय दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही भारत, इंडोनेशिया के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास में भी सहयोग करेगा। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत और इंडोनेशिया की यह मजबूत होती साझेदारी न केवल दोनों देशों के लिए, बल्कि 21वीं सदी की वैश्विक व्यवस्था और पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भी सकारात्मक और दूरगामी प्रभाव डालेगी।







