उत्तराखंडप्रदेश

बैसाखी पर खुले मां गौरीमाई मंदिर के कपाट, 22 अप्रैल से बाबा केदारनाथ देंगे दर्शन

रुद्रप्रयाग: बैसाखी के पावन अवसर पर सोमवार सुबह विधि-विधान के साथ मां गौरीमाई मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। शुभ मुहूर्त में हुए इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। मां गौरीमाई की डोली गौरीकुंड गांव से रवाना हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और तीर्थयात्री शामिल हुए। डोली यात्रा के दौरान ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

डोली के गौरीकुंड पहुंचने पर पंडितों और मंदिर के मुख्य पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। कपाट खुलने के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब श्रद्धालुओं की नजर केदारनाथ धाम पर है, जिसके कपाट 22 अप्रैल को दर्शनार्थ खोले जाएंगे। प्रशासन और मंदिर समिति यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।

गौरीकुंड नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामचंद्र गोस्वामी ने कहा कि श्रद्धालुओं का 6 महीने का लंबा इंतजार अब खत्म हो गया है। कपाट खुलने के साथ ही यात्रा सीजन की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि स्थानीय व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को सजा दिया है और इस वर्ष यात्रा को लेकर उत्साह काफी अधिक है। रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार केदारनाथ यात्रा नए रिकॉर्ड बना सकती है। आगामी दिनों में शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से डोली रवाना होगी, जिसके बाद केदारनाथ यात्रा अपने चरम पर पहुंचने लगेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close