राजनीति

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी, रालोद मुख्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्षों की अहम बैठक

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय में रविवार को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा की मौजूदगी में प्रदेश के सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।

इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्षों के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ उनकी लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसके माध्यम से उनके क्षेत्रों की संगठनात्मक जानकारी, स्थानीय परिस्थितियों और कार्यप्रणाली की समझ का आकलन किया गया। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने प्रत्येक क्षेत्रीय अध्यक्ष से उनके कार्यकाल, संगठन विस्तार की योजनाओं, महिला प्रकोष्ठ व अन्य प्रकोष्ठों के गठन और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने और सभी पदाधिकारियों की नियमित समीक्षा किए जाने की बात कही।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नियमित समीक्षा बैठकों के आयोजन तथा सभी जिलों, शहरों और महानगर इकाइयों के विस्तार पर जोर दिया। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया। साथ ही संगठन विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, महिला सहभागिता बढ़ाने और विभिन्न प्रकोष्ठों के गठन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि संगठन को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की समीक्षा और मूल्यांकन बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा।

बैठक में संतकबीर क्षेत्र के अध्यक्ष विवेक चौधरी, प्रयाग क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र सिंह, अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, रुहेलखंड के अध्यक्ष रामवीर सिंह, तराई क्षेत्र के अध्यक्ष पी.के. पाठक, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष राम आसरे विश्वकर्मा, बुंदेलखंड के अध्यक्ष मुन्ना लाल दिनकर, वरिष्ठ नेता अंकुर सक्सेना तथा छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close