संसद में फिर हंगामा, लोकसभा 2 बजे तक स्थगित, NDA की ‘मंगल मिलन’ बैठक, विपक्ष ने राम मंदिर मुद्दे पर जारी रखा प्रदर्शन

संसद के मॉनसून सत्र में गतिरोध लगातार जारी है। मंगलवार को भी लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। वहीं, राज्यसभा में भी विपक्ष के विरोध के कारण कार्यवाही बाधित रही। कांग्रेस समेत विपक्षी दल गृह मंत्री के बयान की मांग पर अड़े हुए हैं।
संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले संसद भवन परिसर में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मौजूदा राजनीतिक और संसदीय रणनीति पर चर्चा हुई। इस बीच भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के दलों पर संसद की कार्यवाही जानबूझकर बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद प्रश्नकाल नहीं चल पा रहा है और महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा प्रभावित हो रही है। पात्रा ने कर्नाटक पुलिस कांस्टेबल भर्ती में कथित पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए।
गौरतलब है कि राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर सोमवार को भी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने जोरदार विरोध किया था। लगातार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित होने के बाद दिनभर के लिए समाप्त करनी पड़ी।
हालांकि, विपक्ष के शोर-शराबे के बीच सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में प्रधान न्यायाधीश सहित न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने संबंधी विधेयक बिना चर्चा के पारित करा लिया। इसके अलावा भारतीय सांख्यिकी संस्थान विधेयक, 2026 और बैंककार बही साक्ष्य विधेयक, 2026 भी सदन में पेश किए गए।
उधर, राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर विपक्ष का संसद के बाहर प्रदर्शन भी जारी है। 31 जुलाई को निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में संसद पहुंचे और सांकेतिक प्रदर्शन किया। उन्होंने कथित राम मंदिर घोटाले का प्रतीकात्मक चित्रण करते हुए सरकार पर निशाना साधा। इस प्रदर्शन में विपक्ष के कई अन्य सांसद भी शामिल हुए।







