दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत, घनश्याम सिंह ने बीजेपी को हराया

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती नौ राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने मजबूत बढ़त बना ली है। वह भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से करीब 7 हजार वोट आगे चल रहे हैं। शुरुआती दौर में बढ़त बनाने वाले आशुतोष तिवारी बाद के राउंड में पिछड़ गए।
हालांकि, इस उपचुनाव के नतीजे से राज्य की भाजपा सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन सीट गंवाने की स्थिति में भाजपा के लिए यह राजनीतिक झटका माना जाएगा। दूसरी ओर, कांग्रेस के भीतर पहले से चल रही अंदरूनी कलह भी इस चुनाव के दौरान खुलकर सामने आई। पार्टी से निष्कासित पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह पर भाजपा से मिलीभगत के आरोप लगाए थे। साथ ही उन्होंने 2028 के विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाने का दावा भी किया था।
मध्य प्रदेश में वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। चुनाव के बाद लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान की जगह मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया गया। ऐसे में 2028 का विधानसभा चुनाव मोहन यादव के नेतृत्व की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। वहीं, कांग्रेस राज्य में दोबारा सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी है।
क्यों हुए दतिया में उपचुनाव?
दतिया सीट से 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को हराकर जीत दर्ज की थी। लेकिन बाद में एक पुराने मामले में सजा होने के कारण उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई, जिसके चलते इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा। राजेंद्र भारती चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हो गए थे। भाजपा ने भी इस बार नरोत्तम मिश्रा की जगह युवा नेता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया। अब मतगणना के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है।







