सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, महाकाल से काशी और देवघर तक गूंजे ‘हर-हर महादेव’

सावन के पहले सोमवार पर देशभर के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिवालयों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम, झारखंड के बाबा बैद्यनाथ धाम और गाजियाबाद के दूधेश्वरनाथ मंदिर समेत देशभर के प्रमुख शिवालयों में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
महाकाल मंदिर में तड़के हुई भस्म आरती
उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालु देर रात से ही दर्शन के लिए कतारों में खड़े नजर आए। मंदिर के पट रात करीब ढाई बजे खोले गए, जिसके बाद सुबह तीन बजे बाबा महाकाल की प्रसिद्ध भस्म आरती संपन्न हुई। भस्म आरती से पहले भगवान महाकाल का जल और पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद भांग, चंदन और पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार कर भगवान को भस्म अर्पित की गई। झांझ, मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच हुई भस्म आरती में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। महाकाल मंदिर में सावन के पहले सोमवार को बाबा महाकाल की पारंपरिक शाही सवारी भी निकाली जाएगी। मान्यता है कि राजा महाकाल इस दिन अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं। इस सवारी के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु सड़क किनारे घंटों इंतजार करते हैं।
काशी विश्वनाथ धाम में पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में भी सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंगला आरती के बाद जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ। दूर-दूर से पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का मंदिर प्रशासन ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मंदिर के सभी प्रवेश मार्गों पर लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए वाराणसी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।
बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़े कांवड़िए
झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर करीब 100 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करने के बाद कांवड़ियों ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त अर्घा, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
दूधेश्वरनाथ मंदिर में भी लगी लंबी कतारें
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित दूधेश्वरनाथ मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सावन के पहले सोमवार पर देशभर के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धा और आस्था ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।







