Main Slideप्रदेश

अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से झटका, हाईकोर्ट से मिली जमानत रद्द, बोले- कोर्ट में करूंगा सरेंडर

दुलारचंद यादव हत्याकांड में मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी है। कोर्ट के आदेश के बाद अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वह अदालत के निर्देश के मुताबिक सरेंडर करेंगे। बिहार के चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में मोकामा के विधायक अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने इस मामले में पटना हाईकोर्ट से मिली उनकी जमानत को रद्द कर दिया है। इसके साथ ही अनंत सिंह के सामने दोबारा जेल जाने की स्थिति बन गई है। कोर्ट के आदेश के बाद उन्होंने सरेंडर करने की बात कही है।

‘कोर्ट जहां और जब कहेगा, सरेंडर कर दूंगा’

जमानत रद्द होने पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है। वह अदालत के निर्देशों का पालन करेंगे और कोर्ट में ही सरेंडर करेंगे। उन्होंने कहा, “हां, मैं सरेंडर कर दूंगा। मुझे न्यायपालिका पर भरोसा है। कोर्ट जब और जहां भी कहेगा, मैं सरेंडर कर दूंगा। विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी अन्य व्यक्ति के पास नहीं जाएंगे, बल्कि सीधे अदालत में पेश होंगे। अनंत सिंह ने उम्मीद जताई कि उन्हें दोबारा जमानत मिल जाएगी।

नीरज कुमार पर लगाए गंभीर आरोप

पूरे मामले को लेकर अनंत सिंह ने जेडीयू नेता नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि जमानत मिलने के बाद नीरज कुमार दिल्ली चले गए और बाद में उनका नाम अदालत तक पहुंचाया गया। अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि दुलारचंद यादव की हत्या के पीछे नीरज कुमार की भूमिका है। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह प्रचार से लौट रहे थे और घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर थे। उन्हें इस घटना की जानकारी शाम को मिली थी। हालांकि, ये सभी आरोप अनंत सिंह की ओर से लगाए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

नीतीश कुमार और पार्टी को लेकर भी दिया बयान

अनंत सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम में सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनके खिलाफ सीधे तौर पर कुछ नहीं किया, बल्कि नीरज कुमार की ओर से उठाए गए मुद्दों को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने नीतीश कुमार को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि पार्टी ने उन्हें बाहर कर दिया है। ललन सिंह से जुड़े सवाल पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। आगे चुनावी राजनीति को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि उनका बेटा चुनाव लड़ेगा या नहीं, इस पर फैसला आने वाले समय में लिया जाएगा।

नीरज कुमार ने अनंत सिंह के बयान पर क्या कहा?

सुप्रीम कोर्ट के फैसले और अनंत सिंह की जमानत रद्द होने पर जेडीयू के नवनिर्वाचित एमएलसी नीरज कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी। अनंत सिंह की ओर से लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा, “वो जानें, उनका काम जानें, हम वैसे लोगों पर कोई ध्यान नहीं देते। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब इस मामले में अनंत सिंह की अगली कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। वहीं, दुलारचंद यादव हत्याकांड को लेकर बिहार की राजनीति में भी बयानबाजी जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close