PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, किसानों के खातों में पहुंचे 19 हजार करोड़ रुपये. गुजरात को भी मिली 14 हजार करोड़ की सौगात

देशभर के करोड़ों किसानों के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरी खबर लेकर आया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी की. इसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में करीब 19,000 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने गुजरात को लगभग 14,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी. बनासकांठा में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि किसानों के खातों में सम्मान निधि की एक और किस्त पहुंच गई है. उन्होंने किसानों को देश की अर्थव्यवस्था और विकास की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि सरकार उनके आर्थिक सशक्तीकरण और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है.
बनासकांठा की चारपाई व्यवस्था की पीएम ने की तारीफ
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा में आयोजित अनूठी व्यवस्था का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यहां कार्यक्रम में शामिल लोग कुर्सियों के बजाय चारपाइयों पर बैठे हैं. यह व्यवस्था देखकर देश के दूसरे हिस्सों के लोगों को आश्चर्य हो सकता है. पीएम मोदी ने कहा कि बनासकांठा ने गांवों की पुरानी परंपराओं को नए तरीके से जीवंत किया है. उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अगर इस आयोजन की जानकारी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तक पहुंचाई जाती तो संभव है कि इसे विश्व रिकॉर्ड के तौर पर दर्ज कर लिया जाता.
गुजरात को 14 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री के दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान राज्य में करीब 14,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया. इन परियोजनाओं में सड़क, कृषि और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम शामिल हैं. सरकार के मुताबिक, इन योजनाओं से राज्य में परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी. साथ ही कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलने के अलावा व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी.
अहमदाबाद-वाराणसी समेत दो नई ट्रेनों को हरी झंडी
गुजरात में रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत भी की. इनमें अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती MEMU ट्रेन शामिल हैं. इन दोनों रेल सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी. खासकर गुजरात के अलग-अलग क्षेत्रों के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ वाराणसी और अहमदाबाद के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा.
बनास डेयरी को मिला आधुनिक रिसर्च सेंटर
प्रधानमंत्री ने गुजरात दौरे के दौरान बनास डेयरी से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया. इनमें बनासकांठा के भिलड़ी में स्थापित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) प्रमुख है. ,करीब 127 एकड़ क्षेत्र में फैले इस केंद्र के निर्माण पर लगभग 325 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. यहां पशुओं की नस्ल सुधारने, वैज्ञानिक पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने से संबंधित अनुसंधान को आगे बढ़ाया जाएगा.इसके अलावा प्रधानमंत्री ने पालनपुर स्थित बनास डेयरी के अल्ट्रा हाई टेम्परेचर (UHT) प्लांट में ऑटोमेटेड स्टोरेज सिस्टम का उद्घाटन किया. इससे डेयरी क्षेत्र में भंडारण और संचालन व्यवस्था को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी.
विपक्ष पर पीएम मोदी का निशाना
कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश में विकास के काम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों को देश की तरक्की अच्छी नहीं लगती. पीएम मोदी ने विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों और आम लोगों के जीवन में बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है.







