गाजियाबाद में पत्नी ने जिम ट्रेनर के साथ रची पति की हत्या की साजिश, सोते समय चाकू से हमला

गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अवैध संबंधों के शक में पति पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. वसुंधरा सेक्टर-1 में रहने वाले शशांक कंथारिया पर कथित तौर पर उनकी पत्नी प्रिया शर्मा के जिम ट्रेनर प्रताप सिंह ने चाकू से हमला किया. पुलिस ने इस मामले में प्रिया शर्मा और प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर शशांक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी. यह मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का है. घटना 26 अक्टूबर की सुबह की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, शशांक घर में सो रहे थे, तभी आरोपी प्रताप सिंह वहां पहुंचा और उन पर चाकू से कई वार किए. शशांक की चीख-पुकार सुनकर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल शशांक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
जिम में हुई थी पहचान, फिर बढ़ीं नजदीकियां
पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय शशांक कंथारिया अपनी पत्नी प्रिया शर्मा और साढ़े तीन साल की बेटी के साथ वसुंधरा सेक्टर-1 स्थित मकान नंबर 580 में रहते हैं. शशांक और प्रिया दोनों दिल्ली के पोस्टल अकाउंट ऑफिस में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं. दोनों की शादी वर्ष 2021 में हुई थी. जांच में सामने आया है कि प्रिया पिछले सात से आठ महीने से वसुंधरा के एक जिम में व्यायाम करने जा रही थीं. इसी दौरान उनकी मुलाकात जिम ट्रेनर प्रताप सिंह से हुई. पुलिस का दावा है कि समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और वे शादी करना चाहते थे.
पति को रिश्ते की जानकारी हुई तो बनाई साजिश
पुलिस पूछताछ के अनुसार, शशांक को पत्नी और प्रताप के संबंधों की जानकारी हो गई थी. इसके बाद वह दिवाली के बाद फ्लैट बदलकर दूसरी जगह जाने की तैयारी कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक, इसी बीच दोनों आरोपियों ने शशांक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. पूछताछ में प्रताप सिंह ने कथित तौर पर बताया कि 25 अक्टूबर की सुबह रनिंग के दौरान दोनों ने इस वारदात की साजिश रची थी. इसके अगले दिन यानी 26 अक्टूबर की सुबह वह चाकू लेकर शशांक के घर पहुंचा. पुलिस के अनुसार, प्रिया अपनी गाड़ी लेकर घर से निकलीं और फ्लैट का दरवाजा खुला छोड़ दिया. इसके बाद प्रताप घर में दाखिल हुआ और बेडरूम में सो रहे शशांक पर हमला कर दिया.
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में शशांक गंभीर रूप से घायल हो गए. उनकी आवाज सुनकर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची इंदिरापुरम थाना पुलिस ने घायल को यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने मामले में प्रिया शर्मा और प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल शशांक का अस्पताल में उपचार चल रहा है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.







