PM मोदी ने शुरू किया ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान, बोले- ड्रग्स से दूर रहना ही विकसित भारत की नींव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। इस अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवाओं ने भाग लिया। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले सभी प्रतिभागियों ने एक साथ नशामुक्त भारत बनाने की शपथ ली।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव हैं।” उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों को समझने और इससे दूर रहने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने शिक्षकों और प्रोफेसरों से भी अपील की कि वे अपने-अपने स्कूलों और कॉलेजों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि जो युवा नशे की गिरफ्त से बाहर निकलते हैं, वे समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।
देशभर में चलेगा 100 सप्ताह का अभियान
सरकार के अनुसार, यह पहल 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है। इसके तहत हर रविवार देशभर में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनाना है।
इन साप्ताहिक गतिविधियों में खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम शामिल होंगे।
कई संत, राज्यपाल और मुख्यमंत्री हुए शामिल
इस अभियान में पूज्य अम्मा, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर, पूज्य दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी सहित कई प्रमुख आध्यात्मिक गुरु शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
सरकार के मुताबिक, यह अभियान 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योग संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। ब्रह्माकुमारी, इस्कॉन, चिन्मय मिशन, ऑरोविले सहित कई प्रमुख संगठन भी इस पहल का हिस्सा हैं।
सोशल मीडिया पर भी दी जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस अभियान की जानकारी साझा करते हुए कहा कि ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में MY Bharat, NSS, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, युवा क्लब, गैर-सरकारी संगठन (NGO) और आध्यात्मिक संस्थाएं सक्रिय रूप से भाग लेंगी। सरकार का लक्ष्य जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।







