पूर्व दिल्ली मुख्य सचिव राकेश मेहता का निधन, नोएडा स्थित फ्लैट में मृत मिले पुलिस जांच जारी

नोएडा: दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राकेश मेहता का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनका शव रविवार, 6 सितंबर को नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी में उनके फ्लैट से बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, डायल-112 के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसमें मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का उल्लेख है। हालांकि, पुलिस ने अभी मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी रखी है और घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सोमवार को दिल्ली के लोधी श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
2007 से 2010 तक रहे दिल्ली के मुख्य सचिव
राकेश मेहता वर्ष 2007 से 2010 तक दिल्ली के मुख्य सचिव रहे। वर्ष 2010 में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है। पूर्व सहयोगियों और नेताओं ने उन्हें कुशल प्रशासक और प्रशासनिक सुधारों के लिए सक्रिय अधिकारी के तौर पर याद किया।
पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने जताया दुख
दिल्ली के पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने राकेश मेहता के निधन पर दुख जताते हुए उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए। लवली के मुताबिक, मेहता नई नीतियों और विचारों को लागू करने के लिए हमेशा तैयार रहते थे। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार में पावर सेक्रेटरी रहते हुए मेहता ने बिजली क्षेत्र में निजीकरण के दौर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा दिल्ली में ब्लू लाइन बसों को हटाकर लो-फ्लोर बसें शुरू करने की योजना से जुड़े काम में भी उनका योगदान रहा था। दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव रमेश नेगी ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि राकेश मेहता ने अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक सुधार किए थे। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।







