Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ में कोचिंग सेंटर बंद कर संचालक फरार! 500 से ज्यादा छात्रों से फीस लेने का आरोप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कपूरथला इलाके में एक कोचिंग संस्थान के अचानक बंद होने से सैकड़ों छात्रों में हड़कंप मच गया। गैलेक्सी क्लासेज नाम के इस संस्थान पर 500 से ज्यादा छात्रों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के नाम पर फीस लेने के बाद अचानक कोचिंग बंद कर फरार होने का आरोप लगा है।

बताया जा रहा है कि गैलेक्सी क्लासेज में SSC, UP पुलिस, TET समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती थी। छात्रों के मुताबिक, उनसे करीब 15 हजार रुपये सालाना फीस ली गई थी। छात्रों का यह भी आरोप है कि संस्थान में काम करने वाले शिक्षकों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला था। छात्रों के मुताबिक, जब वे नियमित कक्षाओं के लिए कोचिंग पहुंचे तो संस्थान के दरवाजे पर ताला लगा मिला। इसके बाद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि कोचिंग का संचालक और मैनेजर दोनों फरार हैं।

अचानक कोचिंग बंद होने से छात्रों के सामने पढ़ाई के साथ-साथ जमा की गई फीस को लेकर भी परेशानी खड़ी हो गई है। छात्रों ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने और उनकी फीस वापस दिलाने की मांग की है।  फिलहाल, मामले में कोचिंग संचालक और मैनेजर का पक्ष सामने नहीं आया है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close