कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने 9 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह कम दबाव का क्षेत्र और अलग-अलग क्षेत्रों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण को बताया जा रहा है। पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। वहीं, मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं और कमजोर ढांचे गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। समुद्री इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं। ऐसे में मछुआरों को खराब मौसम के दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली में 9 सितंबर को कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रयागराज, गौतम बुद्ध नगर, कानपुर, मिर्जापुर, देवरिया, शाहजहांपुर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, बलरामपुर, बहराइच, वाराणसी, रामपुर, सोनभद्र और गोरखपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।
बिहार और राजस्थान में भी मौसम खराब
बिहार में पटना, गया, पूर्णिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, मधुबनी और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। राजस्थान में भी कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। जयपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और भरतपुर समेत कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश और चमोली समेत कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। हिमाचल प्रदेश में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, बिलासपुर और किन्नौर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। बारिश के कारण इन इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ने की आशंका है।
इन राज्यों में भी बिगड़ सकता है मौसम
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों के अलावा मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना और महाराष्ट्र में भी कई स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।







