Main Slideउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

सहारनपुर मस्जिद मामले में हुदा जरीवाला गिरफ्तार, CM योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने आम आदमी पार्टी की पूर्व प्रवक्ता, यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जरीवाला सोमवार शाम मस्जिद ध्वस्तीकरण के विरोध में सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंची थीं। पुलिस को उनके सर्किट हाउस पहुंचने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और उन्हें परिसर के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और गिरफ्तार कर लिया।

अधिवक्ता की शिकायत पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता दुष्यंत सिंह ने सोमवार सुबह सदर बाजार थाने में हुदा जरीवाला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जरीवाला ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया।

शिकायत के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो को भी आधार बनाया। इस वीडियो में जरीवाला मस्जिद को हटाए जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाती नजर आ रही हैं। पुलिस का दावा है कि वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद उनके कथित बयान को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

कौन हैं हुदा जरीवाला?

हुदा जरीवाला आम आदमी पार्टी की पूर्व प्रवक्ता रह चुकी हैं। वह लंदन के एक मीडिया संस्थान में एंकर के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वर्तमान में वह यूट्यूब और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी हुई बताई जाती हैं।

मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद बढ़ा विवाद

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में सरकारी जमीन पर बनी बताई जा रही मस्जिद को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई की थी। प्रशासन के अनुसार, रात में मस्जिद को सील किए जाने के बाद सुबह ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। मामले के बाद विभिन्न संगठनों की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। जमीयत उलमा-ए-हिंद ने मस्जिद गिराए जाने को लेकर बयान जारी करते हुए कहा था कि संगठन मामले की आगे की रणनीति पर विचार कर रहा है। फिलहाल हुदा जरीवाला की गिरफ्तारी के बाद मामला और गरमा गया है। पुलिस मामले में सोशल मीडिया वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close