Weather Alert: आज कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-बिजली को लेकर भी चेतावनी

नई दिल्ली: मौसम विभाग ने आज यानी 8 सितंबर को उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत तक कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर से उत्तराखंड तक बारिश का अलर्ट
कश्मीर और आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR समेत मैदानी इलाकों में बारिश
राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 13 सितंबर तक बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 से 13 सितंबर के दौरान बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड में 8 और 9 सितंबर को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 8 से 13 सितंबर तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
मध्य भारत में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 8 से 11 सितंबर तक बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 8 सितंबर को बारिश का अनुमान है।
बिहार और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में आज भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। अगले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। ओडिशा में 8-9 सितंबर और 10-12 सितंबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है। वहीं, झारखंड में 12-13 सितंबर और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 11-13 सितंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश में 8 से 13 सितंबर तक बारिश की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 13 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 8 सितंबर तथा 12-13 सितंबर को बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत में आंधी-बिजली का अलर्ट
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज यानी 8 सितंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम संबंधी अलर्ट पर नजर रखने की अपील की है।







