बाय-बाय पापा…’ बोलकर चिनाब नदी में कूद गई लड़की, वीडियो वायरल

डोडा: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक युवती के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना प्रेम नगर पुल की बताई जा रही है, जहां युवती ने कथित तौर पर चिनाब नदी में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, युवती की पहचान पायल देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मेले से लौट रही थी और गांव के ही एक परिचित व्यक्ति के साथ बाइक से घर जा रही थी। इसी दौरान प्रेम नगर पुल पर वह अचानक रुक गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की और परिजनों को भी इसकी जानकारी दी।
पुल पर मौजूद लोगों ने समझाने की कोशिश की
बताया जा रहा है कि युवती के इस कदम की जानकारी मिलने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया। उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने उसके पिता को भी फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। परिजनों ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और बाय बाय पापा बोलकर नदी में कूद गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और चिनाब नदी में तलाश अभियान शुरू किया।
SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
युवती की तलाश के लिए नदी और उसके आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण बचाव दल को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल युवती का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।







