अन्तर्राष्ट्रीय

मियामी एयरपोर्ट पर अमेजन का कार्गो विमान रनवे से फिसला, सड़क पर जा घुसा, 5 की मौत, कई घायल

मियामी: अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। अमेजन का एक कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान नियंत्रण खो बैठा और रनवे से बाहर निकलकर सड़क तक जा पहुंचा। इस दौरान कई वाहन विमान की चपेट में आ गए। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और मौके पर धुएं का घना गुबार दिखाई दिया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में विमान में सवार कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है। तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद सड़क पर कई लोग और वाहन फंसे मिले। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

रिपोर्ट के अनुसार, बोइंग 767-300 कार्गो विमान ने प्यूर्टो रिको के सैन जुआन स्थित लुइस मुनोज मारिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। स्थानीय समय के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 2 बजे से पहले विमान मियामी में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लैंडिंग के दौरान पायलट विमान पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद वह रनवे पार कर सड़क पर पहुंच गया।

कॉकपिट में फंसे थे पायलट और को-पायलट

मियामी-डेड काउंटी के अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हादसे की जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद विमान के पायलट और को-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे। वहीं, कई लोग अपने वाहनों के अंदर भी फंसे हुए थे। आग पर काबू पाने और राहत कार्य के लिए 60 से अधिक दमकल इकाइयों को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद विमान में लगी आग बुझाई और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कई घंटे बाद तक विमान से ईंधन के रिसाव को रोकने का काम भी जारी रहा। दुर्घटना के चलते मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित हुआ। रविवार शाम तक करीब 250 उड़ानों के देरी से संचालित होने की जानकारी सामने आई।

32 साल पुराना था बोइंग 767

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान का संचालन नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी ‘21 एयर’ कर रही थी। फ्लाइट ट्रैकिंग से जुड़ी जानकारी के अनुसार, बोइंग 767 करीब 32 साल पुराना था। विमान को मूल रूप से यात्रियों के लिए इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन वर्ष 2015 में इसे कार्गो विमान में परिवर्तित कर दिया गया था।हादसे के बाद सामने आए वीडियो में सड़क पर विमान का मलबा, धुआं और आसपास खड़े वाहन दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। यह स्पष्ट होने के बाद ही हादसे की वजह को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close