अन्तर्राष्ट्रीय

ब्लैक सी में कमर्शियल जहाज पर हमला, एक भारतीय नागरिक की मौत; विदेश मंत्रालय ने जताया शोक

नई दिल्ली: ब्लैक सी में एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात जारी बयान में इस घटना की पुष्टि करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मंत्रालय ने बताया कि यह हमला 18 जुलाई को रूसी समुद्री क्षेत्र के पास ब्लैक सी से गुजर रहे MV OMORFI नामक कमर्शियल जहाज पर हुआ था।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर कुल 10 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें तीन भारतीय नागरिक भी शामिल थे। हमले में एक भारतीय की जान चली गई, जबकि अन्य दो भारतीय सुरक्षित हैं।

विदेश मंत्रालय ने संपर्क में होने की कही बात

मंत्रालय ने बताया कि रूस स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।

व्यावसायिक जहाजों पर हमलों पर जताई चिंता

भारत ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों और उन पर तैनात नागरिक चालक दल को निशाना बनाना बेहद गंभीर मामला है। मंत्रालय ने कहा कि समुद्री नेविगेशन की सुरक्षा और वैश्विक व्यापार के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करना सभी देशों की साझा जिम्मेदारी है।

समुद्री सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय दायित्व निभाने की अपील

विदेश मंत्रालय ने सभी संबंधित पक्षों से अंतरराष्ट्रीय नियमों और दायित्वों का पालन करने की अपील की है, ताकि समुद्री मार्गों पर आवाजाही सुरक्षित बनी रहे और वैश्विक व्यापार प्रभावित न हो।

हाल के दिनों में दूसरी बड़ी घटना

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कुछ दिन पहले भी ब्लैक सी क्षेत्र में एक अन्य मालवाहक जहाज पर हमला हुआ था। उस हमले में भी कई भारतीय चालक दल के सदस्य हताहत हुए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close