2026 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: चयन ट्रायल में शामिल होने की अनुमति के लिए विनेश फोगाट पहुंचीं दिल्ली हाईकोर्ट

नई दिल्ली: ओलिंपियन पहलवान विनेश फोगाट ने 2026 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए होने वाले चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति मांगते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने अपनी लंबित याचिका में नई अर्जी दाखिल कर भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसके तहत उन्हें चयन प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। याचिका पर सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने WFI के अधिवक्ता को मामले में निर्देश लेने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई गुरुवार को होगी।
लंबित याचिका में नई अर्जी दाखिल
विनेश फोगाट ने यह अर्जी अपनी पहले से लंबित याचिका के तहत दाखिल की है। मूल याचिका में उन्होंने गर्भावस्था और मैटरनिटी लीव के बाद खेलों में वापसी करने वाली महिला खिलाड़ियों के लिए एक स्पष्ट नीति बनाने की मांग की है। ताजा अर्जी में फोगाट ने WFI के 7 सितंबर के आदेश पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस आदेश के कारण उन्हें 2026 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर नहीं मिल रहा है। अब हाईकोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई में यह स्पष्ट होगा कि अदालत विनेश फोगाट को चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति देने के संबंध में क्या रुख अपनाती है।







