Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

नेतन्याहू के बेटे यायर को अमेरिका से निकाला गया, सुरक्षा को लेकर सामने आया गंभीर खतरा, शिन बेट ने की पुष्टि

तेल अवीव: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बड़े बेटे यायर नेतन्याहू को सुरक्षा कारणों के चलते अमेरिका से बाहर ले जाया गया है। इजरायल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने रविवार को इसकी पुष्टि की। एजेंसी के अनुसार, यायर के सामने एक गंभीर सुरक्षा खतरा उत्पन्न हुआ था, जिसके बाद उन्हें अमेरिका से सुरक्षित स्थान पर भेजने का फैसला लिया गया।

खतरे की वजह पर शिन बेट ने नहीं दी जानकारी

शिन बेट की ओर से जारी संक्षिप्त बयान में यायर नेतन्याहू के खिलाफ सामने आए खतरे की प्रकृति या इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जानकारी नहीं दी गई। एजेंसी ने केवल इतना बताया कि खतरा गंभीर था और इसी वजह से उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें अमेरिका से बाहर ले जाया गया। इस घटनाक्रम के बीच पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक बयान भी चर्चा में है। एक इजरायली टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया था कि ईरान ने उनके एक बेटे की हत्या की कोशिश की थी। हालांकि, रविवार को प्रधानमंत्री कार्यालय ने यायर को अमेरिका से बाहर ले जाने के मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की।

2023 से अमेरिका में रह रहे थे यायर

यायर नेतन्याहू साल 2023 में अमेरिका के मियामी चले गए थे। इसके बाद से वह लंबे समय तक इजरायल से बाहर ही रहे। उनका यह विदेश प्रवास ऐसे दौर में रहा, जब इजरायल गाजा, लेबनान और ईरान से जुड़े संघर्षों के कारण लगातार सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। यायर अपने पिता के करीबी माने जाते हैं और कई मौकों पर अनौपचारिक सलाहकार की भूमिका में नजर आए हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी सक्रियता काफी ज्यादा रही है। वह अपने पिता के राजनीतिक आलोचकों पर तीखी टिप्पणियां करने को लेकर कई बार विवादों में रह चुके हैं। फिलहाल यायर नेतन्याहू को किस स्थान पर ले जाया गया है और उनके खिलाफ सामने आए खतरे की वास्तविक प्रकृति क्या थी, इसे लेकर इजरायली अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close