Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

शराब के नशे में दूल्हे ने किया हंगामा, दुल्हन ने मंडप में ही तोड़ी शादी, दहेज और हवाई फायरिंग के भी आरोप

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक शादी उस समय टूट गई, जब दूल्हे की कथित हरकतों से नाराज दुल्हन ने मंडप में ही सात फेरे लेने से इनकार कर दिया। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और आखिरकार बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, मामला बुढाना कोतवाली क्षेत्र का है। डूंगर गांव से बारात टांडा माजरा गांव पहुंची थी। बारात के स्वागत के बाद शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान आरोप है कि दूल्हे ने अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पी ली और नशे में हंगामा करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूल्हे ने कथित तौर पर अपने कपड़े उतार दिए और केवल अंडरगारमेंट्स में इधर-उधर घूमने लगा, जिससे समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए।

दूल्हे की इस हरकत से नाराज दुल्हन करिश्मा ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले का उसके परिवार ने भी समर्थन किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग भी की। वहीं, दुल्हन के पिता सरदमल ने आरोप लगाया कि दूल्हा पक्ष दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था, जिससे विवाद और गहरा गया।

सूचना मिलने पर बुढाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दूल्हे का मेडिकल परीक्षण भी कराया। बढ़ते विवाद के बीच शादी की सभी रस्में रोक दी गईं और बारात बिना विवाह संपन्न हुए वापस लौट गई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों व शिकायतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close