पीएम मोदी नामीबिया दौरे पर, कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नामीबिया दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी के दौरे को लेकर नामीबिया में भारत के उच्चायुक्त राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि भारत, नामीबिया से यूरेनियम आयात करने पर विचार कर रहा है। साथ ही नामीबिया में जो हाल ही में तेल और गैस की खोज हुई है, उसमें भी भारत सरकार की रुचि है। भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि भारत की नामीबिया के महत्वपूर्ण खनिजों में भी रुचि है। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रूप से अच्छे संबंध रहे हैं।
भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि भारत और नामीबिया के बीच अच्छे संबंध रहे हैं और भारत उन शुरुआती देशों में है, जिसने नामीबिया की आजादी के बाद उसका समर्थन किया था। दोनों देशों के अच्छे आर्थिक संबंध भी हैं। भारतीय प्रधानमंत्री 27 साल के बाद नामीबिया का दौरा कर रहे हैं। यही वजह है कि इस दौरे को लेकर काफी उत्सुकता है। पीएम मोदी के नामीबिया दौरे पर भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि ‘हमारे पास कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर हम चर्चा करना चाहते हैं, मुख्य रूप से व्यापार और निवेश के बारे में।
हम नामीबिया में महत्वपूर्ण खनिजों में रुचि रखते हैं और हमारे कुछ सार्वजनिक उपक्रम यहां निवेश करना चाहेंगे। हम नामीबिया से भारत को यूरेनियम निर्यात करने पर विचार कर रहे हैं और नामीबिया में हाल ही में तेल और गैस की खोज हुई है, यह भी हमारी रुचि का क्षेत्र है। हम रक्षा सहयोग के बारे में भी चर्चा करेंगे क्योंकि नामीबिया भारत से रक्षा उपकरण खरीदने का इच्छुक है। क्षमता निर्माण भारत-नामीबिया संबंधों के महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक है जिसे बढ़ावा दिया जाएगा।’