दिवाली से पहले रिलीज होगी फिल्म ‘घोड़ी पे चढ़के आना’, लखनऊ में चल रहा पोस्ट प्रोडक्शन का कार्य
लखनऊ। बुद्धा क्रिएशन ऑफ इंडियन सिनेमा के बैनर तले बनी फिल्म ‘घोड़ी पे चढ़के आना’ की शूटिंग जेवर, गौतमबुद्ध नगर से शुरू होकर लखनऊ में पूरी हुई। फिलहाल फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन कार्य लखनऊ के स्टूडियो में चल रहा है। फिल्म की डबिंग के लिए लखनऊ पहुंचीं अभिनेत्री शिवानी कुमारी एक जानी-मानी इन्फ्लुएंसर हैं और बिग बॉस ओटीटी 3 की प्रतियोगी रह चुकी हैं, जिसे अभिनेता अनिल कपूर ने होस्ट किया था। इस फिल्म में नवोदित अभिनेता प्रबुद्ध, शिवानी कुमारी के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
प्रबुद्ध और शिवानी के अलावा फिल्म में राजपाल यादव, राकेश बेदी, राजेश शर्मा, पंकज झा, अरुण बख्शी, बृजेंद्र काला, मुश्ताक खान, सिद्धार्थ भारद्वाज, मनोज बख्शी, रवि साहा, गोविंद पांडेय, योगेश त्रिपाठी, सतेंद्र सोनी, अंजली चौहान, शोभना भारद्वाज, अनीता सहगल, अर्शी खान, नरेश गोसाईं, बृजेश करनवाल, के.के. पंत और देवेंद्र चौहान जैसे बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म के निर्माता प्रकाश जायसवाल, लेखक-निर्देशक कैलाश मासूम और अभिनेत्री शिवानी कुमारी ने लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि फिल्म ‘घोड़ी पे चढ़के आना’ की अधिकांश शूटिंग उत्तर प्रदेश में की गई है। फिल्म में अधिकतर कलाकार भी उत्तर प्रदेश से जुड़े हुए हैं और पोस्ट प्रोडक्शन का कार्य भी लखनऊ में ही किया जा रहा है। फिल्म के निर्देशक कैलाश मासूम ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसी सोच के तहत सबसे पहले जेवर में फिल्म की शूटिंग शुरू की गई, जबकि वहां फिल्म सिटी का निर्माण कार्य अभी प्रारंभिक चरण में है। वहीं, निर्माता प्रकाश जायसवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में तेजी से विकास हुआ है और नई फिल्म सिटी फिल्म उद्योग के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।
फिल्म के संगीतकार विक्की प्रसाद और रफीक राजा हैं, जबकि कोरियोग्राफी मुदस्सर खान ने की है। डीओपी की जिम्मेदारी रेबुअल एजाज ने संभाली है। फिल्म के गीत संजय धूपा मिश्रा और जीतेंद्र मिर्जापुरी ने लिखे हैं। वहीं उदित नारायण, सुखविंदर सिंह, शबाब साबरी, कल्पना पटवारी, सुवर्णा तिवारी, निकिता राय, काजल हाथरसी और निशांत देशवाल ने अपने सुरों से गीतों को सजाया है।
यह फिल्म सिचुएशनल कॉमेडी और फैमिली ड्रामा पर आधारित है। साथ ही यह सामाजिक मुद्दों को उठाने वाली एक पारिवारिक और मनोरंजक फिल्म है, जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सकता है। फिल्म दिवाली से पहले देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।







