Main Slideराष्ट्रीय

दिल्ली में 24 घंटे में 5 मौतें : गोविंदपुरी में मां-बेटे की हत्या, घर से लाखों की नकदी और जेवर गायब

राजधानी दिल्ली में अपराध की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग इलाकों में 5 लोगों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। ताजा मामला दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके का है, जहां घर के अंदर मां और बेटे की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शारदा और उनके 15 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश घर में घुसे और धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर हत्या कर दी। पुलिस को शक है कि वारदात लूटपाट के इरादे से की गई हो सकती है।

जानकारी के मुताबिक, मृतका का पति देर रात दुकान से घर लौटा तो उसने पत्नी और बेटे को किचन में खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और कई टीमें गठित की गई हैं। परिजनों का दावा है कि घर से 10 से 12 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला था और पिछले 15 साल से गोविंदपुरी इलाके में रह रहा था। मृतका का पति साप्ताहिक बाजार में सब्जी की दुकान लगाता है।

वहीं, दिल्ली के रोहिणी इलाके में पुरानी रंजिश के चलते दो नाबालिगों की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों एक परिवार से बदला लेने पहुंचे थे, लेकिन विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के एक नाबालिग ने दोनों की हत्या कर दी। इसके अलावा इंद्रपुरी इलाके में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला छत से गिरी थी। बाद में मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close