पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान पाकिस्तान में ढेर, मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली

पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान उस समय अपने ऑफिस में मौजूद था, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और उस पर कई गोलियां दाग दीं। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
खुद को टीचर बताता था आतंकी
हमजा बुरहान पाकिस्तान में खुद को शिक्षक बताता था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह लंबे समय से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था। वह 2019 के पुलवामा हमले के साजिशकर्ताओं में शामिल रहा और इसके बाद भी कई आतंकी गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, वह पीओके में आतंकी संगठनों को ट्रेनिंग देने के साथ-साथ सीमा पार घुसपैठ कराने में भी मदद करता था।
14 फरवरी 2019 को हुआ था पुलवामा हमला
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सीआरपीएफ के काफिले पर बड़ा आतंकी हमला हुआ था। जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी आदिल अहमद डार ने विस्फोटकों से भरी SUV को CRPF बस से टकरा दिया था। इस हमले में 40 से अधिक जवान शहीद हो गए थे। यह जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों पर हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक माना जाता है। जैश-ए-मोहम्मद ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। पुलवामा हमले के जवाब में भारत ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक की थी। भारतीय वायुसेना ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी प्रशिक्षण शिविरों को निशाना बनाया था। इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया था।







