ट्विशा शर्मा और दीपिका नागर केस पर बोलीं कंगना रनौत, कहा- ‘शादी से पहले आत्मनिर्भर बनें लड़कियां’

भोपाल की ट्विशा शर्मा और ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के मामलों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। दोनों घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और फिल्मी गलियारों तक चर्चा तेज है। अब बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद Kangana Ranaut ने भी इन मामलों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने महिलाओं के वैवाहिक जीवन में होने वाले मानसिक और भावनात्मक उत्पीड़न पर चिंता जताते हुए युवतियों को आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी है।
कंगना रनौत ने दिया महिलाओं को संदेश
कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए कहा कि देश में लगातार शादीशुदा महिलाओं की दुखद मौत की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने लिखा कि कई शिक्षित युवतियां कठिन परिस्थितियों से निकलने के लिए अपने परिवार से मदद मांगती हैं, लेकिन समाज अक्सर शादी के बाद बेटियों को अकेला छोड़ देता है।
उन्होंने युवतियों को सलाह देते हुए कहा कि शादी से पहले आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनना बेहद जरूरी है। कंगना ने लिखा, “आपका करियर आपके जीवन में किसी भी रिश्ते से ज्यादा महत्वपूर्ण है। आत्मनिर्भर बनने के बाद ही शादी के बारे में सोचें। आपको खुद अपनी हीरो बनना होगा, क्योंकि मुश्किल समय में कोई और आपको बचाने नहीं आएगा।”
ट्विशा शर्मा केस ने बढ़ाई चिंता
भोपाल की रहने वाली 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा अपने घर में फंदे से लटकी मिली थीं। वह गर्भवती थीं और परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं, हालांकि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और जांच जारी है।
दहेज उत्पीड़न के आरोपों के बीच दीपिका नागर की मौत
वहीं ग्रेटर नोएडा की 24 वर्षीय दीपिका नागर की मौत ने भी लोगों को झकझोर दिया। आरोप है कि उन्होंने दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा से परेशान होकर छत से कूदकर जान दे दी। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से दीपिका को लगातार दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। दीपिका की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और परिवार ने इस शादी में एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे। दोनों मामलों ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और वैवाहिक जीवन में सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों पर गंभीर बहस छेड़ दी है।







