SRH का दबदबा या RR का पलटवार? सवाई मानसिंह स्टेडियम में बड़ा मुकाबला

आईपीएल 2026 का 36वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस समय शानदार फॉर्म में हैं और पॉइंट्स टेबल के टॉप-4 में अपनी जगह बनाए हुए हैं। खास बात यह है कि दोनों ही टीमें अपना पिछला मुकाबला जीतकर आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगी।
अगर हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आंकड़े सनराइजर्स हैदराबाद के पक्ष में झुकते दिखाई देते हैं। आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 22 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 13 मुकाबलों में हैदराबाद ने जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान रॉयल्स को 9 मैचों में सफलता मिली है। हालिया फॉर्म भी हैदराबाद के पक्ष में है, क्योंकि पिछले पांच मुकाबलों में SRH ने 4 बार जीत हासिल की है।
दोनों टीमों के बीच इस सीजन में पहले भी एक मुकाबला हो चुका है, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 217 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया था। जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम 159 रन पर सिमट गई थी। उस मैच में ईशान किशन ने शानदार 91 रनों की पारी खेली थी और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अब एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने हैं, जहां राजस्थान रॉयल्स पिछली हार का बदला लेना चाहेगी, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद अपनी जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी। मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।







