कानपुर में ट्रेनी विमान क्रैश, एक पायलट की मौत, दूसरा गंभीर; अचानक हुआ धमाका, फिर जमीन पर गिरा प्लेन

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास उड़ान भर रहा एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले विमान में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद वह अनियंत्रित हो गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
दो पायलट थे सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था और उसमें दो पायलट मौजूद थे। उड़ान के दौरान अचानक विमान में धमाका हुआ और कुछ ही देर बाद वह नीचे जा गिरा। क्रैश के बाद घटनास्थल पर विमान का मलबा बिखर गया और धुआं उठता दिखाई दिया। हादसे की सामने आई तस्वीरों और वीडियो में एयरक्राफ्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। एक व्यक्ति घटनास्थल पर गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है।
एक पायलट की मौत, दूसरा गंभीर
हादसे में एक पायलट की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, दूसरे पायलट को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके को घेरकर लोगों को मलबे के आसपास जाने से रोक दिया।
विमान हादसे की वजह की जांच शुरू
प्रशासन और पुलिस की टीमों ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, उड़ान के दौरान विमान में धमाका क्यों हुआ और क्या किसी तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई, इन तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।
अलास्का में भी हुआ था विमान हादसा
गौरतलब है कि इससे पहले अलास्का के एक सैन्य हवाई अड्डे पर भी विमान हादसा हुआ था, जिसमें आठ लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। बताया गया था कि खराब मौसम और घने कोहरे के कारण लैंडिंग के दौरान पायलट को रनवे दिखाई नहीं दे रहा था।







