Main Slideराष्ट्रीय

दिल्ली के मुस्कान मर्डर केस में बड़ा अपडेट, वॉन्टेड आरोपी आकिब उर्फ इमरान एनकाउंटर में घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय छात्रा और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मुस्कान की हत्या के मामले में फरार चल रहा आरोपी आकिब उर्फ इमरान पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया। दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ को आरोपी के राजौरी गार्डन के नाला रोड पर पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर ट्रैप लगाया। पुलिस के मुताबिक, जैसे ही इमरान वहां पहुंचा, उसने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, FSL की टीम ने एनकाउंटर वाली जगह से बैलिस्टिक सबूत भी जुटाए हैं।

डेढ़ साल से मुस्कान को जानता था आरोपी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुस्कान और आरोपी इमरान की करीब डेढ़ साल से जान-पहचान थी। आशंका जताई जा रही है कि किसी अन्य व्यक्ति से मुस्कान की दोस्ती को लेकर आरोपी नाराज था और इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, हत्या की असली वजह का पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

ड्रग्स का आदी बताया जा रहा इमरान

जांच में पुलिस को पता चला है कि आकिब उर्फ इमरान कथित तौर पर ड्रग्स का आदी है। उसके खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज होने की बात सामने आई है। मुस्कान के एक दोस्त के मुताबिक, इमरान का व्यवहार सामान्य नहीं था और वह कथित तौर पर लगातार मुस्कान का पीछा करता था। बातचीत करने के लिए उसे रोकता था और बात नहीं करने पर परेशान करता था।

घर में घुसकर मुस्कान पर किया था हमला

मामला तिलक नगर के ओल्ड महावीर नगर इलाके का है। 21 वर्षीय मुस्कान अपनी मां और बहन के साथ किराये के मकान में रहती थी। आरोप है कि 26 अगस्त की शाम करीब साढ़े पांच बजे, जब मुस्कान घर पर अकेली थी, इमरान उसके घर पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर मुस्कान पर चाकू से हमला कर दिया। मुस्कान की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो फुटेज में आरोपी को करीब 5:40 बजे मुस्कान के घर में प्रवेश करते हुए देखा गया।

Seven Zone Gym में हुई थी दोनों की मुलाकात

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुस्कान और इमरान की पहली मुलाकात तिलक नगर स्थित Seven Zone Gym में हुई थी। इमरान वहां जिम ट्रेनर के तौर पर काम करता था, जबकि मुस्कान भी जिम जाती थी। जिम मालिक के मुताबिक, दोनों की जिम आने की टाइमिंग अलग-अलग थी। उन्होंने बताया कि इमरान के खिलाफ पहले कोई शिकायत नहीं मिली थी, लेकिन देर से आने की वजह से उसे नौकरी से हटा दिया गया था। वहीं, मुस्कान का जिम सब्सक्रिप्शन खत्म हो गया था और उसने करीब एक महीने पहले जिम आना बंद कर दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close