CSMT स्टेशन पर टला बड़ा रेल हादसा, आमने-सामने आ गईं दो लोकल ट्रेनें

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) स्टेशन पर मंगलवार (21 अप्रैल) को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो लोकल ट्रेनें एक ही पटरी पर आमने-सामने आ गईं। लोको पायलट की सतर्कता और रेड सिग्नल के चलते समय रहते ट्रेन रोक ली गई, जिससे टक्कर टल गई। दोनों ट्रेनों के बीच महज 120-130 मीटर की दूरी रह गई थी।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3:18 बजे की है। बदलापुर से आ रही एक लोकल ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर आना था, लेकिन गलती से उसे प्लेटफॉर्म नंबर 5 की पटरी पर भेज दिया गया। इसी ट्रैक पर पहले से एक अन्य लोकल ट्रेन खड़ी थी। जैसे ही बदलापुर लोकल आगे बढ़ी, लोको पायलट ने सामने खड़ी ट्रेन को देखा। उसी समय ट्रैक पर लगा ‘इंटरनल होम सिग्नल’ रेड था। स्थिति को भांपते हुए मोटरमैन ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को रोक दिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के चलते रेलवे संचालन प्रभावित हुआ। प्लेटफॉर्म नंबर 5 से 8 तक ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेनों को पीछे लेकर ट्रैक को खाली कराया गया। इस दौरान यात्रियों में घबराहट का माहौल रहा और हजारों लोगों को देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य रेलवे ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले भी मुंबई के डोंबिवली स्टेशन के पास एक खाली ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया था, जिससे यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा था।







