Main Slideप्रदेश

मुंबई के नेस्को सेंटर में हाई-प्रोफाइल पार्टी के बाद दो युवाओं की मौत, ड्रग्स ओवरडोज की आशंका, 6 गिरफ्तार

मुंबई| मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल लाइव कॉन्सर्ट पार्टी के बाद दो युवाओं की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। यह घटना 11 अप्रैल की रात की बताई जा रही है, जहां पार्टी के दौरान ड्रग्स और शराब के सेवन की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कॉन्सर्ट के दौरान कुछ युवाओं की अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। दोनों की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। वहीं, एक अन्य युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है।

प्रारंभिक जांच में ड्रग्स ओवरडोज की आशंका सामने आई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इसके लिए पार्टी में शामिल कई लोगों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

मामले की जांच कर रही वनराई पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें इवेंट ऑर्गनाइजर और मैनेजमेंट से जुड़े लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश सामाल, विनोद जैन, प्रतीक पांडे, आनंद पटेल, रौनक खंडेलवाल और बालकृष्ण कुरूप के नाम सामने आए हैं। सभी को तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है और अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने अब तक 15 से 20 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें पार्टी में शामिल कॉलेज छात्रों के बयान भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, मृतक प्रतिष्ठित एमबीए कॉलेज के छात्र थे। पूछताछ में ड्रग्स के संभावित इस्तेमाल से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस कॉन्सर्ट के आयोजन के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि यदि अनुमति ली गई थी, तो किन शर्तों के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बताया जा रहा है कि इस इवेंट के टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बेचे गए थे और मुंबई समेत आसपास के कई नामी कॉलेजों के छात्र इसमें शामिल हुए थे। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह का खुलासा किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close