सीतामढ़ी में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप, शादी के डेढ़ महीने बाद पति समेत तीन गिरफ्तार

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी के महज डेढ़ महीने बाद दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जांच जारी है।
6 मई को हुई थी शादी
मृतका की पहचान मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। उनके पिता कमोद प्रसाद, जो बथनाहा थाना क्षेत्र के दोस्तपुर गांव के निवासी हैं, ने बताया कि मनीषा की शादी 6 मई 2026 को बाजपट्टी थाना क्षेत्र के पटदौरा गांव निवासी मिथलेश कुमार से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष ने दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर मनीषा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
एक कट्ठा जमीन की मांग का आरोप
मृतका के परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष मुजफ्फरपुर में एक कट्ठा जमीन दहेज के रूप में अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर मनीषा के साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया।
जहर देकर हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि पिछले शनिवार को मनीषा को भीसा स्थित आवास पर ले जाया गया, जहां साजिश के तहत उन्हें जहर देकर मार दिया गया। उनका यह भी दावा है कि मृतका के गले पर चोट और जख्म के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष जल्दबाजी में शव का अंतिम संस्कार कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति, सास और ससुर गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मृतका के पिता ने दहेज की मांग, हत्या और जमीन के लिए प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।






