Main Slideराष्ट्रीय

गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने के मामले में बड़ा एक्शन, आरोपी पर हत्या के प्रयास की धारा, दौसा से हिरासत में लिया गया

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए बड़ा कदम उठाया है। CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 जोड़ दी है, जो हत्या के प्रयास से संबंधित है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में आरोपी कल्याण बैंसला की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। इनमें से एक टीम राजस्थान पहुंची और आरोपी को दौसा से हिरासत में ले लिया गया है। उसे अब गुरुग्राम लाया जा रहा है।

CCTV फुटेज से सामने आए अहम तथ्य

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया था। इसके बाद सेक्टर-56 थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में BNS की धारा 109 भी जोड़ दी। पुलिस के अनुसार इस धारा के तहत दोष सिद्ध होने पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।

गोल्फ कोर्स रोड पर क्या हुआ था?

घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। महिला बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया अपने दोस्तों के साथ बाइकिंग कर रही थीं। इसी दौरान गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार ने उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सिया बाइक समेत सड़क पर कुछ दूरी तक घिसटती चली गईं। उनकी बाइक पर लगे कैमरे में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया था। इसी वीडियो के सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आया।

सिया ने वीडियो शेयर कर लगाए गंभीर आरोप

हादसे के बाद सिया ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके बाद उन्होंने एक और वीडियो जारी कर कार चालक पर गंभीर आरोप लगाए। सिया का दावा है कि कार चालक काफी दूरी से उनका पीछा कर रहा था और बाद में जानबूझकर उनकी बाइक को टक्कर मारी गई। उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी गंभीर थी कि उनकी जान भी जा सकती थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

दोस्त से लेकर ली थी कार

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि जिस कार से बाइक को टक्कर मारी गई, वह मनीष नाम के व्यक्ति की बताई जा रही है। मनीष के मुताबिक आरोपी कल्याण बैंसला उसका दोस्त है और उसने किसी दूसरे काम का हवाला देकर कार ली थी।पुलिस ने कार को बरामद कर लिया है और अब मामले में आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

कौन है आरोपी कल्याण बैंसला?

पुलिस के अनुसार कल्याण बैंसला हरियाणा के पलवल का रहने वाला है। बताया गया है कि वह पलवल में जिम चलाता है और खुद को पहलवान तथा कबड्डी खिलाड़ी भी बताता है।पुलिस ने मामले में आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की थीं। राजस्थान पहुंची टीम ने उसे दौसा से हिरासत में ले लिया है। अब उसे गुरुग्राम लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close