‘विजन 2050’ को रफ्तार देगा झारखंड, 8 जुलाई से दिल्ली में दो दिवसीय निवेशक सम्मेलन; कई बड़े MoU पर होंगे हस्ताक्षर

झारखंड सरकार अपने महत्वाकांक्षी ‘विजन 2050’ को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य सरकार 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय हितधारक परामर्श सम्मेलन (National Stakeholder Consultation) आयोजित करेगी। इस सम्मेलन का उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, औद्योगिक विकास को गति देना और झारखंड को उभरते निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करना है। सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सम्मेलन का नेतृत्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग और पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से करेंगे।
इस सम्मेलन में देश-विदेश के प्रमुख नीति-निर्माता, उद्योगपति, निवेशक, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ और विकास साझेदार भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान झारखंड के दीर्घकालिक विकास एजेंडे, औद्योगिक निवेश और नई आर्थिक संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की जाएगी। सरकार के अनुसार, यह आयोजन सूचना प्रौद्योगिकी (IT), कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल गवर्नेंस, औद्योगिक निवेश और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में झारखंड को निवेश के पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम पहल साबित होगा। इसके जरिए राज्य सरकार अपने ‘Explore Infinite Opportunities’ विजन को भी आगे बढ़ाएगी।
सम्मेलन के दौरान राज्य में निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ रणनीतिक समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाने की भी संभावना है। सरकार का मानना है कि इन समझौतों से झारखंड में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।







