यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS अधिकारियों के तबादले, कई कमिश्नरों के बदले विभाग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 IAS अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों का आदेश जारी किया है। इस बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। मंडलायुक्त, ग्राम्य विकास, जल निगम, आयुष मिशन और सहकारिता समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में नई तैनातियां की गई हैं।
संगीता सिंह बनीं मुरादाबाद की मंडलायुक्त
संगीता सिंह को अलीगढ़ से हटाकर मुरादाबाद का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं ओम प्रकाश आर्य को राजस्व परिषद, प्रयागराज से स्थानांतरित कर अलीगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया है। गौरी शंकर प्रियदर्शी को महानिदेशक, आयुष एवं मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं चैत्रा वी. को आयुष विभाग से हटाकर सदस्य (प्रशासनिक), राजस्व परिषद, लखनऊ नियुक्त किया गया है। प्रमोद कुमार उपाध्याय को आयुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश बनाया गया है।
जल निगम में भी बड़ा बदलाव
जल निगम में भी महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। रवींद्र कुमार को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) और राज्य मिशन निदेशक, अमृत के पद से मुक्त कर दिया गया है। अब इन पदों का अतिरिक्त प्रभार मासूम अली सरवर को सौंपा गया है। डॉ. राज शेखर को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के पद से हटाकर सचिव, नियोजन विभाग तथा महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं योगेश कुमार को उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। कुमार प्रशांत को आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता के पद पर तैनात किया गया है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
- गुरर्ला श्रीनिवासुलु — सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग
- अमृत पाल कौर — संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड
- देवेंद्र कुमार पाण्डेय — विशेष सचिव, उपभोक्ता मामले विभाग
- विवेक श्रीवास्तव — विशेष सचिव, पशुधन विभाग
- अमृत त्रिपाठी — सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, प्रयागराज
- ओम प्रकाश राय — विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग
इसके अलावा नवनीत सेहारा को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक पद से मुक्त कर दिया गया है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में प्रदेश के कई अहम विभागों और पदों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए प्रशासनिक कामकाज में नई जिम्मेदारियां और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है।



