Main Slideप्रदेश

बिहार में बसेंगे 12 नए स्मार्ट शहर, HUDCO के साथ ₹1 लाख करोड़ का समझौता; 6 लाख करोड़ निजी निवेश का लक्ष्य

बिहार सरकार ने राज्य के शहरी विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग (UDHD) और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HUDCO) के बीच ₹1 लाख करोड़ के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।

3 लाख एकड़ में विकसित होंगी आधुनिक टाउनशिप

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में तीन लाख एकड़ से अधिक भूमि पर 12 आधुनिक ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इन टाउनशिप में विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क, पेयजल, सीवरेज, बिजली, हरित क्षेत्र, स्कूल, अस्पताल, व्यावसायिक केंद्र और अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से नए शहर बसाए जाएंगे।

लैंड पुलिंग मॉडल से किसानों की होगी भागीदारी

सरकार ने परियोजना में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लैंड पुलिंग मॉडल अपनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो किसान मुआवजा लेने का विकल्प चुनेंगे, उन्हें आवेदन के 30 दिनों के भीतर भुगतान करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों की पूरी सुरक्षा के साथ इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

₹7 लाख करोड़ निवेश जुटाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री के अनुसार, HUDCO के माध्यम से ₹1 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा, जबकि ₹6 लाख करोड़ का अतिरिक्त निवेश निजी और संस्थागत क्षेत्रों से आकर्षित करने का लक्ष्य है। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से निर्माण क्षेत्र को नई रफ्तार मिलेगी और बड़े पैमाने पर निवेश के साथ आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

लाखों रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद

सरकार का दावा है कि 12 नई टाउनशिप के निर्माण से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे। निर्माण, व्यापार, सेवा क्षेत्र और अन्य संबद्ध उद्योगों को भी इससे बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।

35% शहरीकरण के लक्ष्य की ओर बढ़ेगा बिहार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित, योजनाबद्ध और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। HUDCO के साथ हुआ यह समझौता बिहार को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना के जरिए बिहार 35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विभागीय अधिकारी और HUDCO के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close