Main Slideप्रदेश

लखनऊ रेलवे स्टेशन पर सनसनी, ट्रेन के S1 कोच से मिला कटा हुआ शव

लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच में एक युवती का शव मिलने से रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। शव बॉक्स और बैग में रखा मिला, जिसके बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 15114 गोमतीनगर एक्सप्रेस बिहार के छपरा से चलकर लखनऊ पहुंची थी। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के बाद सफाईकर्मी को S1 कोच में एक संदिग्ध बॉक्स और बैग दिखाई दिया। शक होने पर उसने तुरंत रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जब बॉक्स खोला गया तो उसमें एक युवती का धड़ मिला। वहीं पास में रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमें हाथ और पैर पॉलिथीन में पैक मिले। मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।

जीआरपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सूचना मिलने के बाद आरपीएफ, जीआरपी और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव की पहचान के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब मृतका की शिनाख्त के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close