NEET पेपर लीक केस में RCC Classes पर सवाल, शिवराज मोटेगांवकर चर्चा में

NEET पेपर लीक मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और कई लोगों से पूछताछ जारी है। अब जांच की आंच महाराष्ट्र के लातूर के चर्चित केमिस्ट्री शिक्षक Shivraj Motegaonkar तक पहुंच गई है। सीबीआई बीते कुछ दिनों से उनसे पूछताछ कर रही है, जिसके बाद उनका नाम सुर्खियों में आ गया है।
महाराष्ट्र के कोचिंग जगत में “M Sir” के नाम से मशहूर शिवराज मोटेगांवकर RCC Classes के संस्थापक हैं। उन्होंने एक छोटे स्तर से शुरुआत कर अपने संस्थान को राज्य के बड़े NEET-JEE कोचिंग ब्रांड्स में शामिल कर दिया। शिवराज मोटेगांवकर एक किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत निजी ट्यूशन पढ़ाने से की थी और शुरुआती दिनों में साइकिल से शहरभर में जाकर छात्रों को पढ़ाते थे। साल 1999 के आसपास उन्होंने किराए के एक कमरे में सिर्फ 10 छात्रों के साथ कोचिंग क्लास शुरू की थी। शुरुआती दौर में वह खुद केमिस्ट्री पढ़ाते थे और हाथ से नोट्स तैयार करते थे।
धीरे-धीरे RCC Classes लातूर के चर्चित “लातूर पैटर्न” का हिस्सा बन गया, जो मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूरे देश में जाना जाता है। RCC के नोट्स, टेस्ट सीरीज और पढ़ाने की शैली NEET, JEE और CET की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय हुए।
स्थानीय कोचिंग इंडस्ट्री के अनुसार, RCC के लातूर, पुणे, नाशिक, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़, सोलापुर और कोल्हापुर समेत कई शहरों में सेंटर संचालित हैं, जहां हर साल करीब 40 हजार छात्र दाखिला लेते हैं। सूत्रों के मुताबिक संस्थान का सालाना कारोबार 100 करोड़ रुपये से अधिक बताया जाता है।
पूर्व छात्र बताते हैं कि मोटेगांवकर ने ग्रामीण और छोटे शहरों के छात्रों के लिए केमिस्ट्री को आसान बनाने का काम किया। शुरुआती दौर में RCC कम फीस में कॉन्सेप्ट आधारित पढ़ाई के लिए जाना जाता था। बाद में संस्थान ने डिजिटल लर्निंग, ऐप आधारित स्टडी मटेरियल, टेस्ट सीरीज और मेंटरशिप प्रोग्राम भी शुरू किए।
संस्थान की वेबसाइट के मुताबिक, Shivraj Motegaonkar केमिस्ट्री में M.Sc गोल्ड मेडलिस्ट हैं और उन्हें एक दूरदर्शी शिक्षाविद बताया गया है। जांच एजेंसियां अब उनके संबंध सेवानिवृत्त केमिस्ट्री प्रोफेसर P. V. Kulkarni से भी जोड़कर देख रही हैं। पीवी कुलकर्णी को पहले ही इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है और उन पर केमिस्ट्री के प्रश्न लीक करने का आरोप है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुलकर्णी कुछ समय पहले RCC Classes में पढ़ा चुके हैं। इसी संबंध को लेकर सीबीआई अब दोनों के बीच संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।







