Main Slideप्रदेश

झारखंड में 338 अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र, सीएम हेमंत सोरेन आज करेंगे वितरण

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को सहायक आचार्य और महिला पर्यवेक्षक पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसको लेकर प्रोजेक्ट भवन सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया है।

इस कार्यक्रम में कुल 338 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इनमें 319 अभ्यर्थियों का चयन सहायक आचार्य पद के लिए किया गया है, जबकि 19 अभ्यर्थियों को महिला पर्यवेक्षक पद पर नियुक्ति दी जाएगी। सहायक आचार्य पद पर चयनित उम्मीदवारों में 158 अभ्यर्थी इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य और 161 अभ्यर्थी स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के पद पर नियुक्त किए जाएंगे। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा पिछले वर्ष दिसंबर में ही कर दी थी। जिला स्तर पर काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इन्हें नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को करीब एक हजार अन्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति संबंधी अनुशंसा भी प्राप्त हुई है। इन अभ्यर्थियों की जिला स्तर पर काउंसलिंग जारी है और संभावना जताई जा रही है कि अगले महीने इन्हें भी नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे। बताया जा रहा है कि इससे पहले सहायक आचार्य के कुल 10,213 पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं और चयनित शिक्षक विभिन्न विद्यालयों में पढ़ाई करा रहे हैं।

झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के माध्यम से कुल 26,001 पदों पर नियुक्ति होनी थी, लेकिन योग्य अभ्यर्थियों की कमी के कारण बड़ी संख्या में पद अब भी खाली हैं। इनमें सबसे अधिक रिक्तियां पारा शिक्षक श्रेणी में बताई जा रही हैं। वहीं महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग में महिला पर्यवेक्षक पद के लिए चयनित 237 अभ्यर्थियों को पिछले महीने नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। अब दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद 19 अन्य अभ्यर्थियों को सोमवार को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close