दूरदर्शन की वरिष्ठ न्यूज एंकर सरला माहेश्वरी का निधन, 71 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

दूरदर्शन की जानी-मानी और वरिष्ठ न्यूज एंकर सरला माहेश्वरी का 71 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से मीडिया जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि उनका अंतिम संस्कार 12 फरवरी को शाम 4 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा।
सरला माहेश्वरी दूरदर्शन के स्वर्णिम दौर का एक अहम चेहरा थीं। 1980 और 1990 के दशक में उन्होंने अपनी सधी हुई आवाज, स्पष्ट उच्चारण और गरिमापूर्ण प्रस्तुति से लाखों दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उस समय डीडी न्यूज के प्रमुख चेहरों में उनकी गिनती होती थी और घर-घर में लोग उन्हें पहचानते थे। उन्होंने वर्ष 1976 में दूरदर्शन में अनाउंसर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद करीब तीन दशकों तक, 2005 तक, उन्होंने न्यूज एंकर के रूप में सेवाएं दीं। खबरों को शांत, संतुलित और विश्वसनीय तरीके से प्रस्तुत करने की उनकी शैली दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रही।
उनके निधन पर डीडी न्यूज ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि दूरदर्शन परिवार की ओर से सरला माहेश्वरी को भावपूर्ण नमन। वह एक सम्मानित और प्रतिष्ठित समाचार वाचिका थीं, जिन्होंने अपनी सौम्य आवाज, सटीक उच्चारण और गरिमापूर्ण व्यक्तित्व से भारतीय समाचार जगत में विशेष पहचान बनाई। उनकी सादगी और संयम ने दर्शकों के मन में गहरा विश्वास कायम किया। सरला माहेश्वरी का योगदान भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता में हमेशा याद किया जाएगा। उनकी आवाज और प्रस्तुति लंबे समय तक दर्शकों की स्मृतियों में जीवित रहेगी।







