Main Slideराजनीति

लोकसभा में ट्रेड डील पर घमासान: राहुल गांधी के ‘भारत बेचने’ वाले बयान पर किरेन रिजिजू का तीखा जवाब

लोकसभा में बजट पर जारी चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उनके बयान पर सदन में जोरदार हंगामा हुआ और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी आपत्ति जताई। राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “मैं कह रहा हूं कि आपने भारत बेच दिया है। क्या आपको भारत बेचने में शर्म नहीं आती? आपने हमारी मां, भारत माता को बेच दिया है।” उन्होंने आगे कहा कि सामान्य परिस्थितियों में प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करते, लेकिन वे दबाव में हैं। राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री की आंखों में डर देखा जा सकता है।

राहुल के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कोई भी देश को बेच या खरीद नहीं सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक के सबसे मजबूत प्रधानमंत्री हैं और देश को बेचने का सवाल ही नहीं उठता। ट्रेड डील को लेकर राहुल गांधी ने इसे “पूरी तरह सरेंडर” करार दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता का सरेंडर है और इसके पीछे बीजेपी का वित्तीय ढांचा जिम्मेदार है। इस टिप्पणी पर भी सदन में भारी हंगामा हुआ, जिस पर रिजिजू ने आपत्ति दर्ज कराई।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि क्या अब अमेरिका यह तय करेगा कि भारत किस देश से तेल खरीदे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊर्जा क्षेत्र और वित्तीय क्षेत्र का “हथियारीकरण” किया जा रहा है। राहुल ने कहा कि यदि अमेरिका टैरिफ बढ़ाता है या यह कहता है कि भारत कहां से तेल नहीं खरीद सकता, तो यह भारत की संप्रभुता पर असर डालता है। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने कृषि क्षेत्र को अमेरिका के लिए खोल दिया है और इस फैसले में किसानों के हितों की अनदेखी की गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close