Main Slideप्रदेश

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का अलर्ट, कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार

नई दिल्ली: नए साल से पहले उत्तर भारत के बड़े हिस्सों में कड़ाके की ठंड का असर बना हुआ है। मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी 2026 तक घना कोहरा पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उत्तरी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 1 जनवरी तक सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर और नागालैंड में 3 जनवरी 2026 तक घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। इन राज्यों में कोल्ड डे की स्थिति को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान हरियाणा के हिसार में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मध्य प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और सिक्किम में तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना है। इसी अवधि में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। 30 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 1 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। इसके अलावा 30 और 31 दिसंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो अगले 24 घंटों के दौरान आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। सुबह के समय कई इलाकों में हल्का और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहेगी।

बुधवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की उम्मीद है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय कोहरा देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close